नैनीताल में कमिश्नर दीपक रावत का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों और अनियमितताओं पर सख्त रुख…
नैनीताल। Nainital में कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री सचिव Deepak Rawat ने एसडीएम-तहसील कार्यालय और सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई प्रशासनिक खामियां और अभिलेखीय अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

वर्षों से लंबित मामलों पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान धारा 229-बी के कई प्रकरण 15-20 वर्षों से लंबित पाए गए। इस पर कमिश्नर ने गहरी नाराजगी जताते हुए एसडीएम को निर्देश दिए कि इन मामलों के निस्तारण के लिए साप्ताहिक समय-सीमा तय कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। वहीं धारा 176 के मामलों में आदेश के बावजूद पटवारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई न किए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने को कहा गया।
रिकॉर्ड प्रबंधन में लापरवाही उजागर
राजस्व विभाग में अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। धारा 143 से जुड़े आवेदनों की जानकारी देने में राजस्व कर्मियों की लापरवाही सामने आई। इस पर कमिश्नर ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व निरीक्षकों और उप निरीक्षकों की कार्यशैली पर भी असंतोष जताया गया।
निस्तारण तक कार्यालय खुले रखने के निर्देश
कमिश्नर दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के पूर्ण निस्तारण तक कार्यालयों में कार्य जारी रखा जाए। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान कर अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही देरी के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा गया।
सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में भी खामियां
निरीक्षण के दौरान सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। रजिस्ट्री के बाद दस्तावेजों की प्राप्ति दर्ज करने के लिए उचित व्यवस्था नहीं पाई गई और कई अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं थे। इस पर कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न होने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सौरभ असवाल, प्रशिक्षु आईएएस दिव्यांशु मीणा, एसडीएम नवाजिश खलीक, तहसीलदार अक्षत कुमार भट्ट समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
