देहरादून। उत्तराखण्ड में पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से देहरादून में ‘टूरिज्म स्किलिंग कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शिरकत कर पर्यटन क्षेत्र में कौशल विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।

उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद् एवं उत्तराखण्ड कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों को प्रशिक्षित कर उन्हें सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। कार्यक्रम में चार धाम यात्रा के बढ़ते महत्व और राज्य में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट को अहम बताया गया।

सौरभ बहुगुणा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड का पर्यटन सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें रोजगार के अपार अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि स्थानीय युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण देकर उन्हें इस क्षेत्र में बेहतर अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

कॉन्फ्रेंस के दौरान विशेषज्ञों और संबंधित क्षेत्र के लोगों ने भी पर्यटन में स्किल आधारित प्रशिक्षण को बढ़ावा देने पर अपने विचार साझा किए। इस पहल को राज्य में पर्यटन विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

