सितारगंज। क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने ग्राम सभा शहदौरा में आंतरिक मार्गों एवं वन चेक पोस्ट मार्ग के पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों के लिए ₹95.73 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनने वाली ये सड़कें न केवल गांव की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन भी सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और विकास को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और विकास कार्यों को लेकर उनका विश्वास और उत्साह देखा। उन्होंने कहा कि जनता का यह भरोसा ही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इन विकास कार्यों का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।