रुद्रपुर में बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मानदेय बढ़ाने समेत अन्य मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग की जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार से 140 रुपये प्रतिदिन और केंद्र सरकार से 150 रुपये प्रतिदिन मानदेय देने की मांग रखी है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, लगातार बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर पहले भी अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद उन्होंने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम कौस्तुभ मिश्रा को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मानदेय में बढ़ोतरी सहित अपनी अन्य मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
