रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जहां रुद्रपुर पुलिस लाइन में जश्न और देशभक्ति का माहौल था, वहीं पंतनगर रोड पर एक दर्दनाक हादसे ने मातम पसरा दिया। ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार एक सिपाही की बाइक अचानक सड़क पर आए बैल से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बैल का सींग सिपाही के सीने में जा घुसा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल सिपाही को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। अस्पताल में चिकित्सकों ने सिपाही को मृत घोषित कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के दिन ड्यूटी पर जाते समय सिपाही की इस दर्दनाक मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। एक ओर पुलिस लाइन में स्वतंत्रता दिवस समारोह चल रहा था, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और सिपाही की ड्यूटी से जुड़ी अन्य जानकारी की जांच की जा रही है।
