रुद्रपुर। शहर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच एक और दुखद घटना सामने आई है। काशीपुर–सितारगंज हाईवे पर गाबा चौक के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

मृतक की पहचान रमपुरा निवासी बबलू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह देर रात बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान गल्ला मंडी चौराहे के समीप डंपर की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मृतक के एक साथी ने डंपर का पीछा कर उसे गाबा चौक पर रुकवा दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताने लगे। गुस्साए लोगों ने डंपर में तोड़फोड़ की और पुलिस पर चालक को बचाने के आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया और हालात सामान्य किए गए। सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
सीओ सिटी रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। चालक और डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और घटना की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई करने और गाबा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
