देहरादून: उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी के बाद फंसे ट्रैकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का संज्ञान लेते हुए आपदा प्रबंधन विभाग से स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सचिव, आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर बातचीत कर प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, मौसम की चुनौतियों और चल रहे रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए सभी लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएम धामी ने अधिकारियों से कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि फंसे हुए ट्रैकर्स, पोर्टर्स और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को चिकित्सकीय सहायता, भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार और प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम की चुनौतियों के बावजूद प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
