Close-up of dead body feet at morgue or hospital with toe label or information ring and identification blank tag. Cadaver lying on steal table covered with sheet on autopsy table. Death concept.
नैनीताल/हल्द्वानी: डॉक्टर बनने का सपना लेकर मध्य प्रदेश से हल्द्वानी आई 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव पीजी के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की रहने वाली छात्रा 30 मई को हल्द्वानी आई थी। उसने मुखानी क्षेत्र स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी के लिए प्रवेश लिया था और खाटू श्याम मंदिर के पास स्थित कोचिंग से संबद्ध पीजी में रह रही थी। फिलहाल वह डेमो कक्षाओं में भाग ले रही थी, जबकि नियमित कक्षाएं 29 जून से शुरू होनी थीं।
बताया जा रहा है कि छात्रा का बड़ा भाई भी इसी संस्थान से तैयारी कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल हुआ था और वर्तमान में भोपाल स्थित एम्स में अध्ययनरत है। भाई की सफलता से प्रेरित होकर परिवार ने छात्रा को भी डॉक्टर बनने के सपने के साथ हल्द्वानी भेजा था।
मंगलवार देर रात मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब एक अज्ञात युवक ने छात्रा की सहेली को फोन कर बताया कि वह लगातार छात्रा से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसका फोन नहीं उठ रहा है। इसके बाद सहेली ने अन्य परिचितों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग पीजी पहुंचे, जहां छात्रा का कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलवाने पर छात्रा का शव फंदे से लटका हुआ मिला। उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन कमरे से बरामद एक डायरी में लिखी गई रहस्यमयी पंक्ति ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस अब प्रेम-प्रसंग, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है। साथ ही उस युवक की पहचान और तलाश भी की जा रही है, जिसने घटना से पहले छात्रा की सहेली को फोन किया था।
पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। छात्रा की मां और भाई हल्द्वानी पहुंच चुके हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य जांच रिपोर्टों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
