उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में नाबालिग की जबरन शादी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, करीब 14 वर्षीय किशोरी की चोरी-छिपे शादी कर दी गई थी। शादी के कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर ससुराल पक्ष उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। जांच के दौरान डॉक्टरों ने किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि की।
अस्पताल प्रशासन ने जब आवश्यक दस्तावेजों की जांच की, तो सामने आया कि लड़की नाबालिग है। यह जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि किशोरी की शादी अवैध तरीके से और जबरन कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति, ससुराल पक्ष और मायके वालों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना के उजागर होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी कम उम्र में शादी कैसे कराई गई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि जांच के दौरान इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
