मेरठ के भूनी टोल प्लाज़ा पर सेना के जवान की पिटाई का मामला कंपनी पर भारी पड़ गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल कंपनी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और उसकी सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, भविष्य में इस कंपनी को किसी भी टोल प्लाज़ा की बोली में शामिल होने से रोक दिया जाएगा।

NHAI ने कहा कि टोल कर्मचारियों का ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है और यात्रियों की सुरक्षित व निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
NHAI has taken strict action on the incident of misbehaviour with army personnel by toll staff deployed at Bhuni Toll Plaza on Meerut-Karnal section of NH-709A on 17th August 2025. NHAI has imposed a penalty of Rs. 20 lakhs on the toll collecting agency, M/s Dharam Singh and has… pic.twitter.com/wpL2rN6Lug
— NHAI (@NHAI_Official) August 18, 2025
यह घटना 17 अगस्त को मेरठ–करनाल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-709A) पर भूनी टोल प्लाज़ा पर हुई। वायरल वीडियो में टोलकर्मियों को सेना के जवान कपिल कावड़ को लाठी-डंडों से पीटते और गालियां देते देखा गया। यहां तक कि हमलावरों ने उन्हें खंभे से बांधकर हाथ पीछे मोड़ दिए।
कपिल कावड़ भारतीय सेना की राजपूत रेजिमेंट से हैं। छुट्टियां खत्म होने के बाद वे श्रीनगर लौट रहे थे। मेरठ से दिल्ली एयरपोर्ट जाते वक्त टोल प्लाज़ा पर जाम देखकर उन्होंने कर्मियों से जल्दी निकलने की गुजारिश की, क्योंकि उनकी फ्लाइट छूट सकती थी। इसी बात पर विवाद हुआ और फिर मारपीट में बदल गया।
जवान के साथ उनके चचेरे भाई की भी पिटाई की गई। परिवार की शिकायत पर सरूरपुर थाने में मामला दर्ज हुआ, जिसके बाद पुलिस और NHAI दोनों हरकत में आए और कंपनी पर कड़ी कार्रवाई की गई।
