बाजपुर। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बाजपुर पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Ajay Ganpati के नेतृत्व में चल रही सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 03 किलोग्राम 970 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान एलिस और सोऐब के रूप में हुई है, जो लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित रूप से चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी क्रम में संदिग्धों की तलाशी के दौरान यह बड़ी बरामदगी हुई और दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
