विजयादशमी के अवसर पर खटीमा में बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। मंगलवार शाम राणा प्रताप इंटर कॉलेज के मैदान में 45 फीट ऊंचे रावण और 40 फीट ऊंचे कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग दशहरा मेला देखने पहुंचे। रावण दहन होते ही पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्क्रीन के माध्यम से लाइव संबोधन कर खटीमावासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान में विशाल टिनशेड के निर्माण और रामलीला मंचन के लिए स्थान चिह्नित करने के संबंध में जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश भी दिए।
सनातन श्री रामलीला पात्र परिषद की ओर से आयोजित रामलीला मंचन में विजयादशमी के दिन भगवान श्रीराम, माता सीता और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद कुंभकरण वध, मेघनाद वध, अहिरावण वध और अंत में रावण वध का मंचन किया गया। इसके बाद रावण के पुतले का दहन किया गया।
खटीमा की ऐतिहासिक रामलीला के साथ आयोजित दशहरा मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में विधायक भुवन कापड़ी, नगरपालिका अध्यक्ष रमेश जोशी, रामलीला कमेटी अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
