पिरान कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक परिसर से भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी का 27 वर्षीय बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पुलिस को दरगाह परिसर से उसका लावारिस बैग मिला है, जिसमें लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस ने बैग उसके पिता को सौंप दिया है और युवक की तलाश शुरू कर दी है।
बिहार निवासी शंकर सिंह भारतीय वायुसेना में मास्टर वारंट ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में है। उनका बेटा सत्यम एक निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक, सत्यम ने करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। वह काफी समय से अपने पिता के संपर्क में भी नहीं था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, 17 अक्तूबर को दरगाह परिसर से एक काला बैग लावारिस हालत में बरामद हुआ था। इसकी सूचना युवक के पिता को दी गई। 18 अक्तूबर को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग उन्हें सौंप दिया गया। बैग में मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान सत्यम के सामान के रूप में हुई।
पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। युवक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य माध्यमों से भी जांच की जा रही है। सत्यम के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हैं। फिलहाल, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
