एटा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में श्री सीमेंट प्लांट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की सोच हो, तो विकास अपने आप दिखाई देता है।

“एटा कभी माफियाओं का गढ़ था”
सीएम योगी ने कहा कि 8-9 साल पहले एटा माफियाओं और अपराधियों के कब्जे में था। गरीबों की जमीनें छीनी जाती थीं और उनकी कोई सुनवाई नहीं होती थी। ऐसी स्थिति में विकास असंभव था।
कांग्रेस और सपा पर सीधा हमला
योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने प्रदेश को अराजकता और तबाही के रास्ते पर धकेला। उन्होंने कहा, “भारत कभी दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन पहले मुगलों और अंग्रेजों ने लूटा और बाद में कांग्रेस-सपा ने पहचान का संकट खड़ा किया।”
मोदी सरकार में नई उड़ान
योगी के अनुसार 2014 तक भारत 11वीं अर्थव्यवस्था था, लेकिन पीएम मोदी ने सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ देश को चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दो सालों में भारत तीसरे स्थान पर होगा।
एटा में विकास की नई पहचान
सीएम ने बताया कि अब एटा की पहचान विकास और रोजगार से जुड़ी है। यहां 1500 मेगावॉट बिजली उत्पादन करने वाला थर्मल पावर प्लांट और 700 करोड़ रुपये का सीमेंट प्लांट शुरू हो चुका है। इनसे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
“पहले सीमेंट के लिए भी तरसना पड़ता था”
योगी ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में सीमेंट कंट्रोल से मिलता था। घर बनाना बेहद मुश्किल था। कांग्रेस-सपा ने सबका साथ लिया, लेकिन विकास केवल अपने परिवार का किया।
योगी बोले – “अब एटा की पहचान अपराध नहीं, बल्कि विकास और रोजगार है।”
