मैदान पर उतरे सीएम धामी: खटीमा में दमदार शॉट से दिखाया क्रिकेटिंग हुनर, बॉल को पहुंचाया स्टेडियम पार, टूर्नामेंट में बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा प्रवास के दौरान बिरिया मझोला क्षेत्र में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट की मुख्यमंत्री ने सराहना करते हुए युवाओं से खेल को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। इस दौरान सीएम धामी ने स्वयं बल्लेबाजी कर युवाओं का मनोबल बढ़ाया, जिससे मैदान में खासा उत्साह देखने को मिला।

अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री धामी चंपावत से शाम को खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने खटीमा महाविद्यालय में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों की रचनात्मकता और संगठन क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए छात्र संघ के सदस्यों को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री बिरिया मझोला पहुंचे, जहां स्वर्गीय मनीष चंद की स्मृति में आयोजित नशा मुक्ति क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्वर्गीय मनीष चंद की माता हरकेश चंद ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक रूप से तिलक कर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हाल ही में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया है तथा सरकार आठ प्रमुख शहरों में खेल अकादमियों की स्थापना कर रही है, जिनके माध्यम से एक हजार युवा खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। नई खेल नीति के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई भी खिलाड़ी पीछे न रह जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में असीम खेल प्रतिभा मौजूद है। सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर यहां के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। अंत में मुख्यमंत्री ने खटीमा महाविद्यालय के विंटर कार्निवाल में आयोजित सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
