देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां बुनियादी शिक्षा के लिए राज्य पाठ्यचर्या रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने यह बात राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में 840 विद्यालयों की वर्चुअल और स्मार्ट कक्षाओं के केंद्रीयकृत स्टूडियो का शुभारंभ करते हुए कही।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह राज्य की शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को और उज्ज्वल बनाएगा। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़ चुकी है। डिजिटल तकनीक, वर्चुअल क्लासरूम और स्मार्ट शिक्षण माध्यमों ने पढ़ाई को और सरल, रोचक और सुलभ बना दिया है।
उन्होंने बताया कि अब पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी विशेषज्ञ शिक्षकों से सीधे संवाद कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के 226 विद्यालयों को पीएम श्री विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है, जबकि 500 विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं पहले से संचालित हैं।
सीएम धामी ने कहा कि ‘उत्तराखंड वर्चुअल लर्निंग एप्लीकेशन’ के माध्यम से अब विद्यार्थी घर बैठे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। यह एप छात्रों को आत्ममूल्यांकन की सुविधा भी देगा और उन्हें देश व राज्य के श्रेष्ठ शिक्षकों से सीखने का अवसर प्रदान करेगा।
