बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला का नैनीताल दौरा: फैंस से मुलाकात, मंदिरों में दर्शन और झील में नौकायन का आनंद
नैनीताल: बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला रविवार को अपने निजी दौरे पर नैनीताल पहुंचीं। यहां उन्होंने नैनी झील में नौकायन का आनंद लिया और शहर के मशहूर मोमो का स्वाद चखा। जैसे ही उर्वशी के आगमन की खबर फैली, मॉल रोड और तल्लीताल क्षेत्र में उनके प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। अभिनेत्री ने फैंस को निराश नहीं किया और मुस्कुराकर उनसे मुलाकात की, साथ ही कई लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
![]()
उर्वशी ने कहा, “मेरा नैनीताल से बचपन से गहरा जुड़ाव है। यह जगह मेरे दिल के बेहद करीब है। यहां का मौसम, प्राकृतिक सुंदरता और लोगों की सादगी हमेशा मन को भा जाती है।”
अभिनेत्री ने बताया कि नैनीताल आने से पहले उन्होंने जागेश्वर धाम और कैंची धाम में दर्शन किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और प्राकृतिक विरासत अद्भुत है, और यहां आकर उन्हें हमेशा नई ऊर्जा का अनुभव होता है।

उर्वशी ने उत्तराखंड में बेहतर होती हवाई कनेक्टिविटी की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब पंतनगर एयरपोर्ट से नैनीताल तक पहुंचना बेहद आसान हो गया है, जिससे न केवल पर्यटकों को बल्कि फिल्म यूनिट्स को भी काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि नैनीताल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण फिल्म शूटिंग के लिए एक बेहतरीन स्थान है, और वह भविष्य में यहां अपनी फिल्मों की शूटिंग करना चाहेंगी।

अपने दौरे के दौरान उर्वशी ने नैना देवी मंदिर में मत्था टेका और स्नो व्यू प्वाइंट व हिमालय दर्शन की सैर की। उन्होंने कहा कि वो पहले भी कई बार नैनीताल आ चुकी हैं और आगे भी यहां आती रहेंगी।

इससे पहले अभिनेत्री ने चितई मंदिर में गोल्ज्यू देवता के दर्शन किए और कैंची धाम में नीम करौली बाबा के दर पर शीश नवाया। उर्वशी ने बताया कि उनकी कई नई फिल्में जल्द रिलीज होंगी, जिनमें जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी जैसे बड़े अभिनेता नजर आएंगे।

नैनीताल में उनके पहुंचने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला और फैंस ने उन्हें देखने और फोटो खिंचवाने के लिए लंबी कतारें लगा दीं।
