रामनगर। उम्र के 70वें पड़ाव पर भी फिटनेस और अनुशासन का जज्बा कायम रखते हुए रामनगर निवासी सेवानिवृत्त कर्नल दिनेश बिष्ट ने दिल्ली में आयोजित सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन-2026 में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। उन्होंने यह दूरी 1 घंटे 18 मिनट में पूरी की।

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को आयोजित मैराथन में 12 हजार से अधिक धावकों ने विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा लिया। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने सुबह 5:30 बजे दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कारगिल युद्ध के दौरान भी निभाई अहम जिम्मेदारी
कर्नल दिनेश बिष्ट सेना में चिकित्सक और सर्जन के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने अग्रिम मोर्चे पर घायल सैनिकों का उपचार किया और कठिन परिस्थितियों में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेवानिवृत्ति के बाद भी वह पूर्व सैनिकों और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग रामनगर, हेमपुर, मोहान और बैरापड़ाव के अध्यक्ष हैं।
उम्र को पीछे छोड़ फिटनेस की मिसाल
70 वर्ष की उम्र में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी करना कर्नल बिष्ट के लिए फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से पूर्व सैनिक समुदाय में भी उत्साह है।
कर्नल बिष्ट की उपलब्धि पर उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष पूर्व मेजर जनरल एमएल असवाल, नैनीताल जिलाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बीएस रौतेला समेत पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि कर्नल बिष्ट ने सेना में सेवा के दौरान अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की जो मिसाल कायम की, उसे वह सेवानिवृत्ति के बाद भी अपनी सक्रिय जीवनशैली के जरिए आगे बढ़ा रहे हैं।
