केदारताल क्षेत्र में लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। लापता लोगों का पता लगाने के लिए एसडीआरएफ की ओर से हवाई रेकी के साथ जमीनी स्तर पर भी अभियान को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में एसडीआरएफ के दो जवान हेलीकॉप्टर के माध्यम से हर्षिल पहुंचे और केदारताल क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया।

जानकारी के अनुसार, एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल दीपक पंत हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारताल क्षेत्र की दो बार सघन हवाई रेकी की गई। इस दौरान लापता ट्रैकर्स और उनके संभावित ठिकानों की तलाश की गई। हालांकि, हवाई सर्वेक्षण के दौरान लापता ट्रैकर्स या उनके टेंट आदि के कोई स्पष्ट दृश्य संकेत नहीं मिल सके।
वहीं, सर्च ऑपरेशन को और गति देने के लिए एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से एक अतिरिक्त टीम रवाना की गई है। यह टीम अपने साथ आवश्यक रेस्क्यू और पर्वतारोहण उपकरण भी लेकर जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मौसम और अन्य परिस्थितियां अनुकूल रहने पर अतिरिक्त टीम केदारताल क्षेत्र में पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाएगी।
फिलहाल एसडीआरएफ संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है और अभियान की आगामी रणनीति तैयार की जा रही है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड का पता लगाने के लिए सभी संभावित प्रयास किए जा रहे हैं।
