

जानकारी के अनुसार, दड़हाफार्म की उत्तरांचल कॉलोनी निवासी मीनू देवी (34) शनिवार को अपनी बेटियों अनिष्का (7) और राधिका (10) के साथ पंडरी स्थित विद्यालय जा रही थीं। तीनों किच्छा हाईवे पर आरके ढाबे के पास सड़क किनारे खड़े होकर ई-रिक्शा का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान किच्छा की ओर से आ रही एक कार ने मां और दोनों बेटियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सात वर्षीय अनिष्का और मीनू देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं, जबकि राधिका उछलकर दूर जा गिरी। इस वजह से वह हादसे में बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल मां-बेटी को स्थानीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मीनू देवी और अनिष्का को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दोनों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
