ऋषिकेश: टिहरी गढ़वाल के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की जान चली गई। इस हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, विनोद शर्मा सोमवार रात ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चौकी लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें झपकी आ गई, जिससे उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। टीम ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से पुलिस महकमे में गहरा दुख है। विनोद शर्मा को एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनके अचानक निधन से विभाग को बड़ी क्षति पहुंची है।
मुनि की रेती थाना के उपनिरीक्षक योगेश पाण्डेय ने बताया कि नाइट ड्यूटी के बाद लौटते समय यह हादसा हुआ। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
गौरतलब है कि हाल ही में चंपावत जिले में भी एसओजी के एक जवान की अचानक मौत हुई थी, जिससे राज्य के सुरक्षा बलों में लगातार दुखद घटनाओं की चिंता बढ़ी है।
