टिहरी गढ़वाल: नई टिहरी में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब नौकरी से निकाले जाने से नाराज एक संविदा कर्मचारी बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, नरोत्तम प्रसाद गैरोला, निवासी भांगला पट्टी दोगी (नरेंद्रनगर), उप निबंधक कार्यालय घनसाली में संविदा कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। हाल ही में सेवा समाप्त होने के बाद वह नाराज चल रहा था और विरोध जताने के लिए टावर पर चढ़ गया।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार कर्मचारी से बातचीत करते रहे और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की। अधिकारियों का फोकस किसी भी तरह की अप्रिय घटना को टालना और व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने टावर के आसपास का इलाका खाली करा दिया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। किसी भी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह अलर्ट रखा गया।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, जिससे हालात और संवेदनशील हो गए। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
अधिकारियों का कहना है कि बातचीत के जरिए कर्मचारी को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं और जल्द ही स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया जाएगा।
