देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाली एक घटना सामने आई है। शक्ति नहर में एक महिला अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कूद गई, लेकिन मौके पर मौजूद दो युवकों की बहादुरी से दोनों बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:30 बजे शक्ति नहर पुल नंबर-1 के पास यह घटना घटी। महिला अपनी दो बेटियों—एक लगभग 3 वर्ष और दूसरी करीब 3 माह की—के साथ नहर में कूद गई। तेज बहाव के चलते तीनों कुछ ही पलों में पानी के साथ बहने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान वहां मौजूद मोहम्मद मुकर्रम और मोहम्मद शोएब ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए नहर में छलांग लगा दी। दोनों ने जान जोखिम में डालकर बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी सूझबूझ और साहस के चलते बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू के बाद बच्चियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों की जमकर सराहना की।
वहीं, नहर में कूदी महिला किरन चंदेल का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं और घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बीच राहत की बात यह रही कि समय रहते दो मासूम जिंदगियों को बचा लिया गया, जिसने एक बार फिर साबित किया कि संकट की घड़ी में इंसानियत और बहादुरी आज भी जिंदा है।