उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा घटना पिथौरागढ़-गंगोलीहाट मोटर मार्ग की है, जहां एक दर्दनाक दुर्घटना में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत चौड़ धुरौली के तोक ख्यूंतोला निवासी 27 वर्षीय हिमांशु कुमार, पुत्र पुष्कर राम, मोटरसाइकिल से पिथौरागढ़ से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डूनी से पहले एक खतरनाक मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर ही रह गई, जबकि हिमांशु कुमार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने खाई में उतरकर जवान को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
गौरतलब है कि पिथौरागढ़ में हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में तेजी आई है। बीते दो दिनों में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान जा चुकी है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में तीखे मोड़, जर्जर सड़कें, कमजोर सुरक्षा दीवारें और तेज रफ्तार दुर्घटनाओं की मुख्य वजह बन रही हैं। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर मजबूत पैराफिट, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।