रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में आयोजित एक जनचौपाल कार्यक्रम के दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री श्रीमती मीना शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला। खजूर पेड़ के पास रामचंद्र के फड़ पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े किए।

कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं और बुके के साथ भव्य स्वागत किया और भाजपा से जुड़ने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में मीना शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नारी सम्मान की बात तो करती है, लेकिन उसके कार्य इसके बिल्कुल विपरीत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे नेताओं को बढ़ावा दे रही है, जिन पर महिलाओं के प्रति अमर्यादित व्यवहार के आरोप हैं, जो पार्टी की दोहरी सोच को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता, खासकर महिलाओं को गुमराह नहीं कर सकती। वह घर-घर जाकर पार्टी की सच्चाई को उजागर करेंगी और महिलाओं को जागरूक करेंगी।
मीना शर्मा ने आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए कहा कि रुद्रपुर में भगवा लहराने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
इस अवसर पर संजीव रस्तोगी, सुमित राय, रामचंद्र राठौर, छेदा लाल राठौर, सुदर्शन शर्मा, रामाधारी गंगवार, दिनेश मौर्य, राजू, कमल, गुड्डी, चौहान जी, जय गुरुदेव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
