उधम सिंह नगर। जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्वयं सड़कों पर उतरकर सायंकालीन पैदल गश्त का नेतृत्व किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

ईंधन बचत को बढ़ावा देने की मुहिम के तहत वाहन गश्त के बजाय पैदल गश्त को प्राथमिकता दी जा रही है। इस पहल के तहत कोतवाली रुद्रपुर, मुख्य बाजार, रम्पुरा और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय स्थापित करना है। गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखी गई, साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की गई।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।