उधम सिंह नगर। पुलभट्टा थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस जांच के दौरान आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद सटीक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी अजय गणपति ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और घटनाओं के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।