देहरादून। उत्तराखंड में आगामी पेराई सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सरकार ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। इसी कड़ी में गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने राज्य की सार्वजनिक एवं सहकारी क्षेत्र की चीनी मिलों की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गन्ना किसानों के हितों को हर हाल में प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि पेराई सत्र के दौरान मिलों का संचालन बिना किसी रुकावट के होना चाहिए और सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
मंत्री ने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उनकी निगरानी नियमित रूप से की जाए। साथ ही गन्ना आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था और तकनीकी तैयारियों में किसी भी तरह की कमी न रहे, इसके लिए अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा गया।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की सुरक्षा और चीनी उद्योग को मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को समय पर भुगतान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।