शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। महापौर विकास शर्मा ने अग्रसेन चौक स्थित श्रमिक अड्डे का निरीक्षण कर मौके पर ही इसके स्थानांतरण का निर्णय लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और श्रमिकों से बातचीत की। सामने आया कि लंबे समय से यहां संचालित श्रमिक अड्डे के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थिति को देखते हुए नगर निगम के पास स्थित खाली भूखंड पर श्रमिक अड्डे को अस्थायी रूप से शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। महापौर ने स्पष्ट किया कि नए स्थान पर श्रमिकों के लिए शेड, पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा सभी श्रमिकों का सत्यापन कर उन्हें नगर निगम की ओर से पहचान पत्र भी जारी किए जाएंगे।

महापौर ने कहा कि नगर निगम श्रमिकों के हितों और सम्मान को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। प्रयास यह है कि जहां शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो, वहीं श्रमिकों को भी व्यवस्थित और सुविधाजनक स्थान मिल सके।
इस अवसर पर एसडीएम मनीष बिष्ट, सीओ डीआर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महामंत्री तरुण दत्ता और मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
