उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और आक्रोशित लोगों ने खनन सामग्री से लदे 12 टायरा ट्रक को आग के हवाले कर दिया। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि ट्रक चालक की तलाश जारी है।

यह घटना काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक गांव के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुई। गांव निवासी जयपाल सिंह (करीब 60 वर्ष) बाइक से किसी काम से निकले थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार खनन सामग्री से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जयपाल सिंह की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान होते ही इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए ट्रक संख्या UP21 CT 6334 को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर कुंडेश्वरी चौकी पुलिस और काशीपुर कोतवाली से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दमकल विभाग की सहायता से आग पर काबू पाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक जयपाल सिंह दूध का कारोबार करता था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।
