हल्द्वानी में एसडीएम की तैनाती और न्यायिक कार्यों के नियमित संचालन को लेकर कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्षदों के साथ उन्होंने एसडीएम कोर्ट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी की।

एसडीएम कोर्ट में लंबे समय से न्यायिक कार्य बाधित रहने को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। विधायक सुमित हृदयेश और पार्षद रवि जोशी ने कोर्ट परिसर में जमीन पर बैठकर विरोध जताया। बताया गया कि एसडीएम राहुल शाह के स्थानांतरण के बाद से कोर्ट का संचालन नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है। स्थायी न्यायिक अधिकारी की तैनाती न होने से मामलों की सुनवाई लगातार प्रभावित हो रही है।
कोर्ट का कामकाज ठप होने का सीधा असर अधिवक्ताओं और आम जनता पर पड़ रहा है। छोटे-छोटे मामलों में भी लोगों को तारीख पर तारीख मिल रही है, जिससे न्याय मिलने में देरी हो रही है और लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
धरने के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि एसडीएम कोर्ट हल्द्वानी क्षेत्र की एक अहम न्यायिक इकाई है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचते हैं। कोर्ट का नियमित संचालन न होना न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी दी है। विधायक ने हल्द्वानी में जल्द नए एसडीएम की तैनाती की मांग करते हुए कहा कि इससे न्यायिक कार्यों को फिर से सुचारू किया जा सकेगा।
वहीं, पार्षद रवि जोशी ने कहा कि न्यायिक कार्य ठप होने से क्षेत्र की जनता में रोष है। लोग अपने जरूरी काम छोड़कर कोर्ट आते हैं, लेकिन सुनवाई न होने से निराश होकर लौटना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की।
