हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी तहसील में सोमवार 29 दिसंबर को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अचानक औचक निरीक्षण से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान तहसील न्यायालय से संबंधित फाइलों का काम दो निजी युवकों द्वारा किया जा रहा था, जिसे जिलाधिकारी ने गंभीर लापरवाही मानते हुए अधिकारियों को मौके पर जमकर फटकार लगाई।

डीएम ने जताई कड़ी नाराजगी:
जिलाधिकारी ने तहसीलदार से सवाल किया कि यदि ऐसी व्यवस्था जारी रही तो सिस्टम में सुधार कैसे होगा। उन्होंने अपर जिलाधिकारी विवेक राय को मामले की गहन जांच के आदेश दिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि इसी तरह की अनियमितताओं के कारण फर्जी प्रमाण पत्र जैसे गंभीर मामले सामने आते हैं।
प्रशासन और जनता में हड़कंप:
औचक निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या तहसील का काम अब निजी व्यक्तियों के भरोसे चल रहा है और क्या यही लोग प्रमाण पत्र और भूमि संबंधित मामलों का निपटारा कर रहे हैं।
जांच और कार्रवाई के आदेश:
जिलाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण में कई खामियां मिली हैं। अपर जिलाधिकारी को मामले की पूरी गहन जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही गोपनीय विभाग में निजी व्यक्तियों की उपस्थिति के संबंध में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
