हरिद्वार जिले के रानीपुर क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में आज एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ बेरहमी की घटना सामने आई। कॉलोनी के कुछ लोगों ने शक के आधार पर महिला को बिजली के खंभे से बांध दिया और उसके बाद मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

वीडियो में महिला दर्द से कराहती और खुद को बचाने की कोशिश करती दिख रही है, जबकि आरोपी उसे गालियां देते हुए पीट रहे हैं। पुलिस ने तुरंत पीड़िता के घर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
पीड़िता के परिवार और पुलिस के अनुसार, महिला कॉलोनी की ही रहने वाली है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। महिला के बेटे ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे उसकी मां टहलने निकली थीं और मानसिक असंतुलन के कारण रास्ता भटककर किसी अन्य व्यक्ति के घर में चली गईं। इस पर कॉलोनी के कुछ लोग गुस्से में आ गए और महिला को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया। आरोप है कि उसके साथ लात-घूंसे, डंडों से मारपीट और गाली-गलौज की गई, साथ ही जान से मारने की धमकियां दी गईं।
घटना के समय महिला के स्वजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत महिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसे शारीरिक चोटों के साथ गंभीर मानसिक आघात भी पहुंचा है।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि महिला के बेटे की तहरीर के आधार पर कुल छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें पांच नामजद आरोपी हैं जबकि एक महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मामले को गंभीर मानते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी अभय सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है, खासकर मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के मामले में।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद आम जनता में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि महिला किसी अन्य घर में चली गई थी, तो पुलिस को सूचना देनी चाहिए थी, भीड़ बनाकर सजा देना मानवता के खिलाफ है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
