स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में डॉक्टरों के 287 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष तय की गई है।

डॉ. रावत ने बताया कि राज्य सरकार अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ ही डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के रिक्त पदों को भरने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के तहत 287 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजा गया है। प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया है कि विज्ञापन जारी होने वाले वर्ष की एक जुलाई को अभ्यर्थी की आयु 21 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हाल ही में चयन बोर्ड के माध्यम से चिकित्साधिकारी (बैकलॉग) के 220 पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है, जिन्हें राज्य के दूरस्थ इलाकों में तैनात किया गया है। इससे सुदूरवर्ती क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत हुई हैं।
