उत्तराखंड के गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर इस बार राज्य स्थापना दिवस का मुख्य समारोह हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा। यह ऐतिहासिक रजत जयंती कार्यक्रम 6 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में भव्य रूप से मनाया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सैनिक कल्याण एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और उच्च स्तर की हों। इस दौरान सचिव दीपेंद्र चौधरी, डीएम नैनीताल वंदना सिंह और एसएसपी मंजूनाथ टीसी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं और राज्य निर्माण में योगदान देने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रजत जयंती समारोह में उत्तराखंड की 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा, शहीदों के बलिदान और राज्य की विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ कृषि, पर्यटन, शिक्षा, उद्योग और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी झांकियां भी दिखाई जाएंगी।
गणेश जोशी ने कहा कि यह अवसर हर उत्तराखंडी के लिए गर्व और उत्सव का पल है। राज्य ने बीते वर्षों में शिक्षा, पर्यटन, सड़क, स्वास्थ्य और सैन्य सेवाओं में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली और बैठने की व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। यह पहला अवसर होगा जब राज्य स्थापना दिवस का मुख्य सरकारी आयोजन हल्द्वानी में हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है।
