गदरपुर में रुपये दोगुना करने का झांसा देकर एक महिला के खाते से 89,700 रुपये की ठगी की गई। पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर सेल और पुलिस को दी है।

जानकारी के अनुसार, पंजाबी कॉलोनी वार्ड नंबर 7/9 निवासी सोनम रानी, पत्नी नितिन छाबड़ा, ने बताया कि उन्होंने टेलीग्राम एप के माध्यम से एक एप डाउनलोड किया था। एप पर ठग ने निवेश की रकम को दोगुना करने का वादा किया।
ठग के झांसे में आकर सोनम ने 27 अक्टूबर को पहले 5000 रुपये सूरज कुमार नामक व्यक्ति के स्कैनर पर भेजे। इसके बाद उसने दो अन्य लोगों को क्रमशः 26,100 रुपये और 58,600 रुपये ट्रांसफर किए। थोड़ी देर बाद जब ठगों की ओर से 1,29,000 रुपये और भेजने का संदेश मिला, तो महिला को शक हुआ और उसने आगे का लेनदेन रोक दिया।
महिला ने तुरंत साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। उसके पति नितिन छाबड़ा ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम ठगों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की ट्रेसिंग में जुटी है।