रुद्रपुर। दीपावली के मौके पर मिलावटखोरों ने सक्रियता बढ़ा दी है। ऊधमसिंह नगर जिले में नकली दूध, पनीर, मावा और मिठाई बाजार में खपाने की कोशिश की जा रही है। खाद्य विभाग की टीम ने काशीपुर में नकली दूध और मावा जब्त किया, जबकि बाजपुर में मावा और मक्खन को पकड़ा गया।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने चेताया कि मिलावटी मिठाई धीमे जहर की तरह शरीर पर असर डालती है। इसके सेवन से स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहारी सीजन में केवल प्रमाणित और विश्वसनीय दुकानों से ही मिठाई खरीदें।
मुख्य मामले:
-
22 अप्रैल (काशीपुर): खाद्य विभाग ने एक कार जब्त की जिसमें टांडा (रामपुर) से रामनगर ले जाई जा रही साढ़े तीन क्विंटल मिलावटी मावा और पनीर को मौके पर नष्ट किया गया।
-
10 अक्टूबर (बाजपुर): दो क्विंटल पनीर और पांच किलो मक्खन पकड़ा गया, जो जिले में अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई होने वाला था।
-
14 अक्टूबर (किच्छा): बिना लाइसेंस के बने पांच क्विंटल लड्डू का बूंदी नष्ट कराया गया। क्षेत्र में कई लोग इसे पहले ही खा चुके थे।
डॉक्टर की सलाह:
डॉ. तिवारी ने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थ से गैस, लीवर और किडनी प्रभावित हो सकती हैं और यह कैंसर का कारण भी बन सकता है। उन्होंने त्योहारी सीजन में ऑर्गेनिक और प्रमाणित खाद्य पदार्थ खाने की सलाह दी।
कोट:
“मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है। बाहरी राज्यों से आने वाले नकली पनीर, मक्खन और दूध को नष्ट किया जा चुका है। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।” – आशा आर्या, फूड सेफ्टी अधिकारी
