उत्तराखंड की बेटी शेफाली रावत ने देश और राज्य के लिए गौरव का क्षण बनाया है। पहली बार किसी उत्तराखंडी खिलाड़ी को भारतीय ब्लाइंड महिला फुटबॉल टीम की कप्तानी मिली है। शेफाली इस समय केरल के कोच्चि में आयोजित वूमेन ब्लाइंड फुटबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप में टीम का नेतृत्व कर रही हैं।

मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल की रहने वाली शेफाली राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी), राजपुर रोड की छात्रा हैं। इससे पहले वह जोनल और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड महिला ब्लाइंड फुटबॉल टीम की कप्तानी कर चुकी हैं और बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
विश्व चैंपियनशिप में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं — भारत, ब्राजील, अर्जेंटीना, इंग्लैंड, पोलैंड, जापान, कनाडा और तुर्की। यह टूर्नामेंट का दूसरा संस्करण है; पहला संस्करण 2022 में इंग्लैंड के बर्मिंघम में आयोजित हुआ था, जिसमें भी शेफाली ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
टीम के कोच नरेश सिंह नयाल ने कहा कि शेफाली की यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। प्रतियोगिता 11 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें भारत अपने ग्रुप में ब्राजील, इंग्लैंड और पोलैंड से मुकाबला करेगा। टीम का लक्ष्य सेमीफाइनल और फाइनल तक पहुंचकर खिताब जीतना है।
