उत्तराखंड सरकार राज्य में शिक्षा के क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार प्रदेश में दो नए विश्वविद्यालय स्थापित करने की तैयारी कर रही है। इनमें एक कौशल आधारित विश्वविद्यालय और दूसरा नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए आवासीय विश्वविद्यालय होगा। इन विश्वविद्यालयों की स्थापना को लेकर कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा।

वर्तमान में प्रदेश में पांच राज्य विश्वविद्यालय, 26 निजी विश्वविद्यालय, 118 संबद्ध महाविद्यालय, 244 निजी महाविद्यालय, और 21 अशासकीय महाविद्यालय संचालित हैं। इसके अलावा तीन तकनीकी संस्थान और एक आयुर्वेद चिकित्सा संस्थान भी कार्यरत हैं। अब दो नए विश्वविद्यालय जुड़ने से उच्च शिक्षा का विस्तार और गुणवत्ता दोनों में सुधार की उम्मीद है।
कौशल आधारित विश्वविद्यालय में करीब 25 व्यावसायिक कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिससे युवाओं को रोजगारमुखी शिक्षा और प्रशिक्षण मिलेगा। वहीं, आवासीय विश्वविद्यालय का उद्देश्य नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों और अन्य बेसहारा बच्चों को उच्च शिक्षा का अवसर प्रदान करना है। यह कदम प्रदेश में समान अवसर और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
