रुड़की: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलौर कोतवाली पुलिस ने ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामले में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के नाम पर संचालित छह बैंक खातों के जरिए देश के आठ राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ा लेनदेन होने की बात सामने आई है। आरोपी कथित तौर पर लोगों को लॉटरी और आकर्षक इनाम का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत प्रतिबिंब पोर्टल पर साइबर ठगी से जुड़े एक बैंक खाते की जानकारी मिलने के बाद हुई। जांच में पता चला कि इस बैंक खाते के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज थीं। इसके बाद मंगलौर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बैंक खाते से संबंधित दस्तावेजों और खाताधारक की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान आकाश कुमार पुत्र वीरेंद्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो साइबर धोखाधड़ी से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
जांच में पता चला कि आरोपी के नाम पर छह बैंक खाते संचालित किए जा रहे थे। इन खातों के खिलाफ गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस के अनुसार, इन खातों के माध्यम से 80 लाख रुपये से अधिक की रकम का लेनदेन हुआ है।
लॉटरी और इनाम का झांसा देकर करते थे ठगी
पुलिस जांच में आरोपी के ठगी करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी फोन कॉल और अन्य माध्यमों से लोगों से संपर्क करता था और उन्हें लॉटरी निकलने या बड़ा इनाम मिलने की जानकारी देकर पैसे जमा करने के लिए प्रेरित करता था। लालच में आकर लोग उसके बताए बैंक खातों में रकम भेज देते थे। इसके बाद ठगी से प्राप्त पैसे को एटीएम के माध्यम से निकालकर दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। इस प्रक्रिया के जरिए साइबर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में पहुंचाया जाता था।
पुलिस ने बरामद किए छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस इन बैंक खातों में हुए वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। साथ ही ठगी की रकम प्राप्त करने वाले अन्य लोगों और इस पूरे नेटवर्क में उनकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में जिले में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि मंगलौर पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के बैंक खातों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर अपराध की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
– नवनीत सिंह, एसएसपी हरिद्वार
