उधम सिंह नगर। काशीपुर की एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने शिकायत में कहा कि पति ने शादी के बाद जबरन शारीरिक संबंध बनाए, अश्लील वीडियो तैयार किए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके अलावा, ससुराल पक्ष ने 50 लाख रुपये दहेज की मांग की और विरोध करने पर मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न किया।

आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन सिंह रौतेला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता की शादी 12 फरवरी 2023 को रामपुर जिले के बिलासपुर निवासी युवक से हुई थी। महिला ने बताया कि पति के कहने पर उसने मुंबई में अपनी नौकरी छोड़ दी और उसके ऑनलाइन काम में सहयोग किया। आरोप है कि पति उसे घूमने के बहाने होटल ले जाता था, जहां डरा-धमकाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाता और वीडियो रिकॉर्ड करता था।
महिला ने यह भी बताया कि ससुराल वालों ने घर बनाने के लिए 50 लाख रुपये दहेज में लाने का दबाव बनाया। मना करने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि पति ने उसके खाते से 1.80 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए और उसके नाम पर वाहन, गोल्ड और हाउसिंग लोन के लिए जबरन हस्ताक्षर लिए।
पीड़िता ने बताया कि 9 जून को पति और सास-ससुर ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और उसके गहने व दस्तावेज अपने पास रख लिए। अब पति वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बदनाम करने की कोशिश कर रहा है और लोन के पैसों से कनाडा भागने की योजना बना रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
