रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के महापौर Vikas Sharma ने संजय नगर खेड़ा बस्ती से ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का शुभारंभ करते हुए जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में नई पहल की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों तक सीधे पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत लगाए गए बहुद्देशीय शिविर में नगर निगम सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान महापौर ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर का समग्र विकास तभी संभव है जब जनता की सक्रिय भागीदारी और विश्वास साथ हो। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का माध्यम बनेगा।

इस मौके पर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, राजू नबियाल, पार्षद पवन राणा, पार्षद चिराग कालरा, राधेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
