
देहरादून: उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम के बेहद खराब रहने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 जुलाई के लिए रेड अलर्ट और 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागों, नोडल अधिकारियों, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव, सड़क बाधित होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। वहीं 21 जुलाई को भी मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर हालात पर लगातार नजर रखें। जिन इलाकों में भूस्खलन या जलभराव की आशंका है, वहां पहले से JCB मशीनें, राहत एवं बचाव उपकरण, मानव संसाधन और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की आपदा, दुर्घटना या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दी जाए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आम जनता से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।