उधम सिंह नगर: जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में सोमवार को एक शादी समारोह उस समय विवाद का कारण बन गया, जब एक महिला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और दूल्हे को अपना पति बताते हुए हंगामा करने लगी। महिला का आरोप था कि युवक उससे बिना कानूनी तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बे में एक युवक का विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान गदरपुर माजरा हसन निवासी महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर महिला उपनिरीक्षक सोनिका जोशी पुलिस टीम के साथ विवाह स्थल पर पहुंचीं। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही विवाह की सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं।
पुलिस ने मौके पर दोनों पक्षों से पूछताछ कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
पुलिस ने दूल्हा पक्ष को स्पष्ट किया कि पहली पत्नी के रहते बिना कानूनी तलाक दूसरी शादी करना कानूनन अपराध है। वहीं, महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति जानबूझकर उसे धोखा देकर दूसरा विवाह कर रहा है। दूसरी ओर, आरोपित पक्ष का कहना था कि पति-पत्नी पिछले छह वर्षों से अलग-अलग रह रहे हैं और यह निर्णय पंचायत के माध्यम से हुआ था, लेकिन वे इस संबंध में कोई वैध तलाक से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला को न्यायालय का सहारा लेने की सलाह दी। पुलिस के अनुसार, यह मामला पारिवारिक और दीवानी न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आता है।