देहरादून। उत्तराखंड पुलिस विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े आरक्षी पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुँच गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने शारीरिक माप-जोख, शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों की संयुक्त मेरिट सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ सत्यापन की तिथि भी घोषित की गई है, जिसके बाद अंतिम चयन सूची प्रकाशित होगी।

इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बाद राज्य पुलिस विभाग को करीब 2000 नए आरक्षी मिलेंगे। यह भर्ती पहले शुरू हो चुकी थी, लेकिन न्यायालय में लंबित मामले के कारण प्रक्रिया में विलंब हुआ। अब कोर्ट से राहत मिलने के बाद आयोग ने भर्ती को दोबारा गति दी है।
UKSSSC ने कुल 2545 अभ्यर्थियों की सूची जारी की है। यह सूची शारीरिक माप-जोख, दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई है। चूंकि कुल पदों की संख्या 2000 है, इसलिए अभिलेखों की जांच में संभावित कटौती को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त अभ्यर्थियों को सूची में शामिल किया गया है। दस्तावेज़ सत्यापन के बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को 12 जनवरी 2026 को आयोग कार्यालय में उपस्थित होकर अपने मूल दस्तावेज़ों की स्क्रूटनी कराने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेज़ सत्यापन के बाद ही अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
इस भर्ती के लिए UKSSSC ने 30 अक्टूबर 2024 को विज्ञप्ति जारी की थी। 24 फरवरी से 4 अप्रैल 2025 के बीच राज्य के 17 केंद्रों पर शारीरिक माप-जोख और दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 3 अगस्त 2025 को संपन्न हुई।
परीक्षा के बाद भर्ती प्रक्रिया न्यायालय में चुनौती के कारण अटकी रही। 19 दिसंबर 2025 को कोर्ट द्वारा रोक हटाए जाने के बाद आयोग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संयुक्त मेरिट सूची जारी की। अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही अंतिम चयन सूची प्रकाशित होकर पुलिस विभाग में नए आरक्षियों की नियुक्ति की जाएगी।
