देहरादून। न्यू ईयर और 31 दिसंबर की रात को होने वाले कार्यक्रमों को लेकर दून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जनपद के होटल संचालकों, कार्यक्रम आयोजकों और विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, फायर सेफ्टी और यातायात प्रबंधन को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि किसी भी कार्यक्रम के आयोजन से पहले फायर सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य रूप से कराया जाए और सभी अग्नि सुरक्षा उपकरण सक्रिय अवस्था में रखे जाएं। तय समय सीमा के बाद लाउड म्यूजिक बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आयोजकों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी सुरक्षा मानकों का समय रहते पालन किया जाए।
बैठक में प्रतिष्ठानों में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने और सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की हिदायत दी गई है।
एसएसपी ने सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त हालत में रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने और प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी स्थानीय अभिसूचना इकाई को देने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही सभी स्टाफ को पर्यटकों और आगंतुकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने को कहा गया है।
एसएसपी अजय सिंह ने अपील करते हुए कहा कि न्यू ईयर का जश्न जिम्मेदारी और शांति के साथ मनाएं। शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
