अस्पताल में प्रसव के दौरान एक अविवाहित युवती ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन डिलीवरी के बाद उसकी मृत्यु हो गई। नवजात फिलहाल सुरक्षित है, मगर कथित पिता ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने बाल कल्याण समिति (CWC) को औपचारिक सूचना भेजी है।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, प्रसव के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती सहमति के बावजूद कथित पिता ने बाद में बच्चे को अपने साथ ले जाने से हाथ खींच लिया। इस फैसले के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बन गई, जिससे शिशु के भविष्य को लेकर असमंजस पैदा हो गया है।
डॉक्टरों का कहना है कि नवजात को अधिक समय तक NICU में रखना संभव नहीं है। इसलिए अस्पताल ने समिति से अनुरोध किया है कि शिशु को अस्थायी रूप से शिशुगृह में रखा जाए।
बाल कल्याण समिति की सदस्य नीता कंडपाल ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन को निर्देशित किया गया है कि बच्चे का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर उसे समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। समिति शिशु के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
