रुद्रपुर, उत्तराखंड: उत्तराखंड में चल रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस और उधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कुख्यात हथियार और मादक पदार्थ तस्कर ईशानप्रीत सिंह को बाजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले का निवासी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तराखंड में नाम बदलकर छिपा हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, 23 मई 2026 को अमृतसर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी अपने घर की छत से कूदकर फरार हो गया था। हालांकि, उसके घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए गए थे।
बरामदगी में 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और लगभग 900 ग्राम हेरोइन शामिल थी। जब्त हथियारों में विदेशी और मेड-इन-चाइना पिस्टल भी शामिल थे, जिससे उसके नेटवर्क की व्यापकता का अंदाजा लगाया जा रहा है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स मंगवाता था, जिससे मामला और गंभीर हो गया था। इसके बाद से ही केंद्रीय और राज्य एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।
हाल ही में मिली खुफिया सूचना के आधार पर एसटीएफ ने पंजाब पुलिस की एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रणनीति बनाई। सोमवार तड़के बाजपुर के केशवनगर इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब उसके नेटवर्क, आर्थिक स्रोतों और सहयोगियों की गहन जांच में जुटी है।
अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
