मुक्तेश्वर (नैनीताल)। बिना रजिस्ट्रेशन वाले होटल पर प्रशासन ने Monday को सख्त कार्रवाई की। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम धारी अंशुल भट्ट ने ग्राहक बनकर भटेलिया क्षेत्र में स्थित होटल का निरीक्षण किया। होटल संचालक ने रजिस्ट्रेशन के अभाव में भी ग्राहकों को कमरे बुकिंग पर दिए। एसडीएम ने कमरा दिखाने और बुकिंग कराने के बाद तुरंत होटल को सील कर दिया।

एसडीएम अंशुल भट्ट ने कहा कि पर्यटन विभाग में रजिस्ट्रेशन के बिना होटल चलाना नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने होटल संचालक को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह होटल पहले भी दो बार चालान काटे जाने के बावजूद संचालित होता रहा।
एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में अन्य होटल और होम-स्टे पर भी छापेमारी की जाएगी और बिना रजिस्ट्रेशन संचालित किसी भी होटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन सभी होटल संचालकों के लिए अनिवार्य है और उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
