तहसील क्षेत्र के ग्राम आरा निवासी एक दिव्यांग दंपती ने गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहसील मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। दंपती का कहना है कि उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और सार्वजनिक नल से पीने का पानी तक नहीं लेने दिया जा रहा।

मामले के अनुसार, ग्राम आरा निवासी 75 वर्षीय दिव्यांग दल्लू दास और उनकी पत्नी सल्लो देवी तहसील मुख्यालय पहुंचे और कार्यालय की सीढ़ियों पर बैठकर अपनी फरियाद प्रशासन के सामने रखी। उप जिलाधिकारी प्रेमलाल ने उन्हें देखकर तत्काल बातचीत की और उनकी समस्या जानी।
पीड़ित दंपती ने बताया कि गांव के कुछ ग्रामीण आए दिन उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां देते हैं। इसके साथ ही सार्वजनिक नल से पानी भरने और पीने पर भी पाबंदी लगा दी गई है, जिससे उनका जीवन मुश्किल हो गया है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल को मौके पर भेजकर तत्काल जांच के निर्देश दिए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
